हम दोनों 4-5 दिन ईशा योग केन्द्र में रहने के बाद 4 फ़रवरी को मुन्नार आ गये। कल 6 फ़रवरी को मदुरै जायेंगे। ईशा केन्द्र के बारे में कुछ जानकारी साझा करना चाहता हूं शायद किसी के काम आ जाए।
जो घुम्मकड़ कुछ दिन शान्त और सादा जीवन जीना चाहते हैं उनके लिए यह उपयुक्त स्थान कोयम्बतूर से 30 किलोमीटर है। यहां रहने के लिए आनलाइन बुकिंग होती है। प्रतिदिन 990रु या अधिक के हिसाब से बहुत सुंदर बड़ा रुम मिल जाता है।
सुबह शाम 2 बार संतुलित और पौष्टिक भोजन मिलता है। आप यदि चाहें तो केन्द्र में ही बहुत अच्छी कैंटीन भी है। केन्द्र के बाहर भी कुछ बहुत अच्छे भोजनालय है।
आप चाहें तो 2100रू या अधिक की सहयोग राशि भी केन्द्र में जमा करा सकते हैं।
यात्री 7 दिन से अधिक के लिए रुम नहीं ले सकते। जो लोग आध्यात्मिक या यौगिक विकास और अध्यन चाहते हैं उनके लिए लम्बे प्रवास अन्य सुविधाओं और नियमों के साथ सम्भव है।
ईशा योग केन्द्र 3-4 किलोमीटर में फैला हुआ है। अन्दर आने जाने घूमने के लिए फ्री बस बैटरी ट्राली या बैलगाड़ी का इंतजाम है। करीब 500 पीले रंग की साइकल हैं जो आप कहीं से उठाकर कहीं भी छोड़ सकते हैं।
आप कहीं भी जाएं हर जगह आपका हाथ जोड़कर स्माइल के साथ स्वागत है। चाहे लंगर (भीक्षा भवन) हो या किसी भी सवारी लेनी हो। यहां आप हजार लोगों से मिलोगे तो किसी के चेहरे पर तनाव या झुंझलाहट नहीं दिखेगी। 2-3 दिन में आपका भी तनाव खत्म।
ध्यान लिंगम में विशाल शिवलिंग के समक्ष 10 मिनट ध्यान का अलग ही आनंद है। ध्यान लिंगम में जाने से पहले पुरुष सूर्यकुण्ड में और स्त्रियां चन्द्र कुंड में स्नान करते हैं।
रात को दस बजे आधे मिनट लाइट बंद करके इशारा किया जाता है कि सो जाओ। दस मिनट बाद एक बार फिर।
रात के 8 से सुबह 8 तक पूरे केन्द्र में चाय काफी नहीं मिलेगी। रात 8.30 तक भीक्षा भवन भी बन्द।
ईशा योग केन्द्र के सामने ही एक बहुत ही सुन्दर और विशाल मैदान में महादेव के आदियोगी रूप की विशाल प्रतिमा है। अंधेरा होते ही यहां 20-25 मिनट का लेजर शो और शिव स्रोतम का गान होता है। यह सारा ही स्थान बहुत सुंदर और मीलों तक फैला और वैलनगिरी की पहाड़ियों से घिरा हुआ है। चारों और नारियल के वृक्ष और खेत आदि हैं।
यह स्थान एक पवित्र वैडिंग डेस्टिनेशन भी है। रोजाना यहां 5-7 शादियां महादेव और पार्वती माता के आशीर्वाद से सम्पन्न होती हैं।
और अधिक जानकारी हेतु केन्द्र की वेवसाइट और यूट्यूब वीडियो की सहायता ले सकते हैं।🙏